आईपीएल में भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए और इतिहास रच दिया। इसके साथ ही कोहली ने पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिस गेल को भी एक खास मामले में पीछे छोड़ दिया।
आईपीएल 2026 का 20वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रविवार (12 अप्रैल) को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेला जा रहा है। कोहली ने इस मुकाबले में 38 गेंदों में 50 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। अपनी इस पारी के दौरान ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 1000 रन पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कोहली के बाद केएल राहुल (977 रन) और शिखर धवन (901 रन) हैं, लेकिन इससे पहले कोई भी बल्लेबाज 1000 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया था। खास बात यह है कि कोहली ने यह कारनामा सिर्फ एक ही फ्रेंचाइज़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए किया है, जो इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है।