भारतीय क्रिकेट टीम के सुपरस्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली मैदान के अंदर हों या बाहर, किसी ना किसी कारण से वो लाइमलाइट में बने ही रहते हैं। विराट टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले उन्होंने एक नया रेस्टोरेंट खोलकर अपने फैंस को एक बार फिर से रोमांचित कर दिया। विराट ने अपना ये नया रेस्टोरेंट मुंबई के जुहू में खोला है, जिसका नाम उन्होंने 'वन8 कम्यून' रखा है।
सोशल मीडिया पर विराट का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि मशहूर एंकर मनीष पॉल विराट से मिलते हैं और उनके इस नए रेस्टोरेंट के बारे में फैंस को बताते हैं। इस वीडियो में विराट के इस रेस्टोरेंट की झलक भी देखी जा सकती है। इस वीडियो की शुरुआत में मनीष पॉल एक बंगले के बाहर खड़े हुए नजर आते हैं और मज़े की बात ये है कि ये बंगला मशहूर गायक किशोर कुमार का है, जिसमें अब विराट ने अपना नया रेस्टोरेंट बना लिया है।
किशोर कुमार का ये बंगला गौरी कुंज के नाम से जाना जाता है, लेकिन अब इस बंगले में विराट का 'वन8 कम्यून' रेस्टोरेंट खुल गया है। अगर मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो कोहली ने अपने रेस्टोरेंट के लिए इस बंगले को पांच साल के लिए लीज पर लिया है। इस वीडियो में जब आप वन-8 कम्यून को देखते हैं तो आपको विराट की जर्सी भी दीवार पर टंगी नज़र आ रही है।