आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला है। RCB के नेट्स सेशन में कोहली ने खुद थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट बनकर फिल साल्ट को प्रैक्टिस कराई। कोहली लगातार साल्ट को गाइड करते नजर आए, जिससे टीम की तैयारी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
28 मार्च से खेले जाने वाले आईपीएल 2026 के आगाज में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कैंप से एक दिलचस्प नजारा सामने आया है। टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली नेट्स सेशन के दौरान थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट की भूमिका निभाते नजर आए, जहां वह इंग्लैंड के ओपनर फिल साल्ट को अभ्यास कराते दिखे।
यह सत्र बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ, जहां कोहली ने हेड कोच एंडी फ्लावर के साथ मिलकर साल्ट को खास तौर पर तैयार करने में मदद की। कोहली इस दौरान साल्ट को लगातार मोटिवेट करते नजर आए और जब भी साल्ट ने बल्ले का बीच लगाया, उन्होंने उनकी तारीफ भी की। RCB ने इस पूरे सेशन का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।