Alzarri Joseph Video: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 (CPL 2026) का 30वां मुकाबला गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेला गया था जहां Antigua and Barbuda Falcons ने 182 रन डिफेंड करके Guyana Amazon Warriors पर 65 रनों से जीत दर्ज की। गौरतलब है कि इस मुकाबले में ABF के तेज गेंदबाज़ अल्जारी जोसेफ ने घातक गेंदबाज़ी करके 4 विकेट चटकाए और इसी बीच विपक्षी टीम के दो टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज़ रहमानुल्लाह गुरबाज़ (Rahmanullah Gurbaz) और शाई होप (Shai Hope) को एक ही ओवर में अपनी रफ्तार से डराकर आउट किया।
ये घटना गुयाना अमेज़न वॉरियर्स की पारी के तीसरे ओवर में घटी। यहां अल्जारी जोसेफ अपने कोटे का दूसरा ओवर डालने आए थे जिसकी दूसरी ही बॉल पर उन्होंने रहमानुल्लाह गुरबाज़ को अपनी रफ्तार से चकमा दिया और क्लीन बोल्ड करके पवेलियन भेजा।
इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे ओवर की ही पांचवीं गेंद पर शाई होप को दिन में तारे दिखाए और एक खतरनाक शॉर्ट बॉल से डराया। उनका ये बॉल पिच से टकराने के बाद गोली की रफ्तार से बल्लेबाज़ की तरफ गया था जिस पर होप चौंक गए और ठीक से शॉट नहीं मार पाए। वो गेंद उनके बैट के ऊपरी किनारे से टकराया और हवा में चला गया। इसके बाद मोईन अली ने एक आसान कैच पकड़ा।