Babar Azam Catch Video: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला (WI vs PAK 1st Test) त्रिनिदाद और टोबैगो के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां बीते सोमवार, 27 जुलाई को मुकाबले के तीसरे दिन मेहमान टीम के कप्तान बाबर आज़म (Babar Azam) ने डाइव करके जस्टिन ग्रीव्स (Justin Greaves) का एक बेहद ही शानदार कैच पकड़ा। उनके कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, बाबर आज़म का ये कैच वेस्टइंडीज की दूसरी पारी के 33वें ओवर में देखने को मिला। पाकिस्तान के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ मोहम्मद अब्बास डालने आए थे जिनकी पांचवीं गेंद पर जस्टिन ग्रीव्स ने चौका लगाने के इरादे से ड्राइव शॉट खेला।
कैरेबियाई खिलाड़ी के बैट से टकराने के बाद ये बॉल गोली की रफ्तार से बाउंड्री की तरफ जा रही थी कि इसी बीच शॉर्ट कवर पर तैनात बाबर आज़म ने चीते जैसी तेजी दिखाई और अपनी बाईं ओर डाइव लगाकर एक हैरतअंगेज कैच लपक लिया। तो ऐसे जस्टिन ग्रीव्स 44 गेंदों पर 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे।