भारतीय टीम ने आयरलैंड को पहले टी20 मुकाबले में डीएलएस विधि के तहत 2 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस मैच में भारतीय टीम को एक आसान जीत मिली, लेकिन इसी बीच भारतीय पारी के दौरान एक ऐसी घटना घटी जिसे देखकर भारतीय फैंस अपना सिर पकड़ने पर मजबूर हो गए। दरअसल, यह घटना सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल से जुड़ी है।
भारतीय इनिंग के दौरान आयरलैंड के लिए दूसरा ओवर जोशुआ लिटिल कर रहे थे। इस ओवर की तीसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने जोशुआ लिटिल की गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग की तरफ हल्के हाथों से शॉट खेला जिसके बाद वह एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े। दूसरी तरफ ऋतुराज गायकवाड़ खड़े थे। वह भी कुछ कदम दौड़ चुके थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने गेंद को फील्डर के हाथों में देखा वह बीच में ही रुक गए और यशस्वी को वापस लौटने का इशारा करने लगे।
Big Mix up but both batters are safe! #jaishwal and #ruturaj#INDvsIRE pic.twitter.com/zjfOCbZTKx
— Md Nayab 786 (@mdNayabsk45) August 18, 2023
हालांकि यह मुमकिन नहीं था क्योंकि यशस्वी भी काफी सफर तय कर चुके थे। इसके बाद मैदान पर जो हुआ वह किसी कॉमेडी से कम नहीं था। दरअसल, ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल एक ही दिशा में दौड़ने लगे। आयरिश फील्डर ने मौके को भांपा, लेकिन फैसला गलत किया। फील्डर ने गेंद को नॉन स्ट्राइकर्स की तरफ थ्रो किया जबकि विपक्षी दोनों ही खिलाड़ी उसी दिशा में दौड़ रहे थे। फील्डर का थ्रो स्टंप के पास से गुजरा और गेंद मिड ऑन के फील्डर की तरफ गई।