Bree Illing Bowler Amy Hunter Video: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का 13वां मुकाबला बीते शुक्रवार, 19 जून को साउथेम्प्टन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में खेला गया था जहां न्यूजीलैंड ने 140 रन डिफेंड करके आयरलैंड को 4 रनों से मात दी। गौरतलब है कि इसी बीच न्यूजीलैंड की 22 साल की तेज गेंदबाज़ ब्री इलिंग (Bree Illing) ने एक कमाल की यॉर्कर डालकर एमी हंटर (Amy Hunter) को क्लीन बोल्ड किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये नज़ारा आयरलैंड की इनिंग के दूसरे ही ओवर में देखने को मिला। यहां ब्री इलिंग ने अपनी पांचवीं ही गेंद पर आयरिश ओपनर एमी हंटर को सरप्राइज किया था और एक इनस्विंग यॉर्कर डालकर उनके डंडे उड़ाए थे। ध्यान दें कि ब्री इलिंग की इस गेंद पर एमी हंटर सिर्फ बॉल को डिफेंस करना चाहती थी, लेकिन वो गेंद की लाइन को जज नहीं कर पाईं और आखिरी में 03 गेंदों पर 02 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटीं।
बताते चलें कि 22 साल की ब्री इलिंग ने साउथेम्प्टन के मैदान पर बेहद ही शानदार गेंदबाज़ी की और अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। यानी आयरलैंड के सामने उनका इकोनॉमी रेट महज़ 4.50 रहा।