Charith Asalanka Sixes Hat-Trick Video: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 (CPL 2026) का 17वां मुकाबला गुरुवार, 27 अगस्त को त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां सेंट लूसिया किंग्स (Saint Lucia Kings) ने 211 रन डिफेंड करके त्रिनबागो नाइट राइडर्स (Trinbago Knight Riders) को 36 रनों से मात दी। इसी बीच SLK के विस्फोटकर बल्लेबाज़ चरिथ असलंका (Charith Asalanka) ने मैदान पर तूफान उठाया और विपक्षी गेंदबाज़ डोमिनिक ड्रेक (Dominic Drakes) को तीन गेंदों पर तीन मॉन्स्टर छक्के मारे।
ये घटना सेंट लूसिया किंग्स की पारी के 17वें ओवर में घटी। त्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ डोमिनिक ड्रेक करने आए थे जो कि अच्छी लय में गेंदबाज़ी नहीं कर रहे थे। ऐसे में चरिथ असलंका ने भी ड्रेक को टारगेट करके भर-भरकर रन बटोरने का मन बनाया।
उन्होंने ड्रेक की दूसरी ही गेंद पर लॉन्ग-ऑफ की तरफ छक्का लगाया फिर अगली ही गेंद को डीप कवर की तरफ छक्का मार दिया। खास बात ये है कि वो यहां पर ही नहीं रुके और उन्होंने चौथी गेंद पर भी लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का ठोका। तो ऐसे चरिथ असलंका ने डोमिनिक ड्रेक को तीन गेंदों पर तीन छक्के ठोके जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।