Devdutt Padikkal Catch: भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) जितने काबिल बल्लेबाज़ हैं, वो उतने ही शानदार फील्डर भी हैं। देवदत्त ने अपनी काबिलियत का परिचय दलीप ट्रॉफी 2026 (Duleep Trophy 2026) के फाइनल में भी दिया। उन्होंने साउथ जोन (South Zone) के लिए खेल के पांचवें दिन स्लिप पर फील्डिंग करते समय शानदार फुर्ती दिखाई और ईस्ट जोन (East Zone) की दूसरी पारी में स्लिप पर अनुकूल रॉय (Anukul Roy) का शानदार कैच पकड़ा।
ये घटना ईस्ट जोन की दूसरी पारी के 99वें ओवर में घटी। साउथ जोन के लिए तेज गेंदबाज़ एम.डी.निधीश ओवर डालने आए थे जिन्होंने अपनी चौथी गेंद पर विपक्षी बल्लेबाज़ अनुकूल रॉय को फंसाया। उन्होंने ये बॉल राउंड द स्टंप से पिच पर जोर से पटका था जिस पर अनुकूल ने डिफेंड करते हुए गलती की।
उन्हें लगा कि गेंद पिच से टकराने के बाद अंदर की तरफ आएगी, लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं। गेंद पिच से टकराने के बाद सीधा गई और अनुकूल चकमा खा गए। इसके बाद होना क्या था, वो गेंद अनुकूल के बैट के ऐज से टकराई और सीधा विकेटकीपर और फर्स्ट स्लिप की तरफ गई। स्लिप पर ही देवदत्त पडिक्कल तैनात थे, जिन्होंने गेंद को हवा में देखकर चीते जैसी तेजी से दाएं और डाइव की और ऐसे शानदार कैच पकड़ा। तो ऐसे अनुकूल रॉय आउट हुए और उन्हें 112 गेंदों पर 64 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटना पड़ा।