AU-W vs IN-W One-off Test: एलिसा हीली (Alyssa Healy) की कैप्टेंसी वाली ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने रविवार, 08 मार्च को एकमात्र टेस्ट (पिंक बॉल टेस्ट) के तीसरे दिन महज़ 4.3 ओवर में 25 रनों का लक्ष्य हासिल करके टीम इंडिया को 10 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि ये मुकाबला एलिसा हीली के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला था जिसके खत्म होने के बाद उनकी साथी खिलाड़ी एलिस पेरी और एशले गार्डनर ने उन्हें खास अंदाज़ में सम्मानित किया।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, पर्थ के वाका स्टेडियम में भारतीय टीम पर जीत हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम की सीनियर खिलाड़ी एलिस पेरी और एशले गार्डनर ने अपनी कैप्टन एलिसा हीली को खास सम्मान देने का फैसला किया। इसके लिए वो पहले अपने घुटने पर बैठ गईं और फिर दोनों ने मिलकर एलिसा हीली को अपने कंधों पर बैठाकर मैदान का चक्कर लगाया।
गौरतलब है कि एलिसा हीली अपने साथियों से ऐसा सम्मान मिलता देख थोड़ा इमोशनल और बहुत ज्यादा खुश नज़र आईं। आप नीचे इस पूरी घटना का वीडियो देख सकते हो। बताते चलें कि 35 साल की एलिसा हीली ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 11 टेस्ट, 126 वनडे और 162 टी20 मुकाबले खेले। उन्होंने भारत के खिलाफ मल्टी फॉर्मेट सीरीज से पहले ही अपने इंटरनेशनल रिटारमेंट की घोषणा कर दी थी।