IND vs ENG, 2nd Semi Final: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ संजू सैमसन (Sanju Samson) गुरुवार, 05 मार्च को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपनी बैटिंग के दौरान सिर्फ और सिर्फ 15 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो सकते थे, लेकिन यहां किस्मत ने संजू का ऐसा साथ दिया कि खुद इंग्लिश कैप्टन हैरी ब्रूक (Harry Brook) ने उनका एक बेहद ही आसान कैच टपका दिया।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना भारतीय इनिंग के तीसरे ओवर में घटी। इंग्लैंड के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर करने आए थे जिनकी दूसरी गेंद पर संजू ने एक मिस टाइम शॉट खेलते हुए मिड ऑन की तरफ हवाई शॉट मार दिया।
गौर करें कि इंग्लिश टीम के लिए इस पॉजिशन पर खुद कैप्टन हैरी ब्रूक तैनात थे, जिनकी तरफ एक बेहद ही आसान कैच आ रहा था। ये देखकर एक समय तो संजू भी निराश हो गए और खुद को आउट समझने लगे। हालांकि यहां किस्मत ने ऐसा साथ दिया कि हैरी ब्रूक ने संजू का आसान कैच टपका दिया। स्टार स्पोर्ट्स ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।