Kieron Pollard Video: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 (CPL 2026) का आठवां मुकाबला रविवार, 16 अगस्त को जमैका के सबीना पार्क स्टेडियम में खेला गया था जहां त्रिनबागो नाइट राइडर्स (Trinbago Knight Riders) के अनुभवी ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) ने जमैका किंग्समेन (Jamaica Kingsmen) के खिलाफ 200 की स्ट्राइक रेट से महज़ 22 गेंदों पर 44 रनों की तूफानी पारी खेली। इसी बीच उन्होंने मैदान पर पूरी गुंडई दिखाई और विपक्षी स्पिनर विटेल लॉज़ (Vitel Lawes) को तो 5 गेंदों पर ही 24 रन ठोक दिए।
दरअसल, ये पूरी घटना त्रिनबागो नाइट राइडर्स की पारी के 13वें ओवर में घटी। जमैका किंग्समेन के लिए ये ओवर 19 वर्षीय विटेल लॉज करने आए थे जो कि उनके कोटे का चौथा और आखिरी ओवर भी था। ऐसे में कीरोन पोलार्ड ने उन्हें पहली ही गेंद से अटैक करने का फैसला किया।
विटेल लॉज की पहली गेंद निकोलस पूरन ने खेली थी जिन्होंने एक रन लेकर कीरोन पोलार्ड को स्ट्राइक दे दी। इसके बाद ही मैदान पर चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली। 39 वर्षीय कीरोन पोलार्ड ने 19 वर्षीय विटेल लॉज को आढ़े हाथ लिया और आखिरी पांच गेंदों पर तीन बड़े छक्के, एक चौका और एक गेंद पर डबल लेकर पूरे 24 रन ठोके। तो ऐसे विटेल लॉज ने अपने एक ओवर से पूरे 25 रन लुटाए।CPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।