Krunal Pandya Vs Shimron Hetmyer Video: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) के हरफनमौला खिलाड़ी क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) ने बीते शुक्रवार, 10 अप्रैल को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में बेहद ही गज़ब की गेंदबाज़ी की। आलम ये रहा है कि जहां राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के बल्लेबाज़ RCB के सभी गेंदबाज़ों की जमकर कुटाई कर रहे थे वहां क्रुणाल ने अपने कोटे के चार ओवर में सिर्फ 30 रन देकर 2 विकेट लिए। गौर करें कि इसी बीच क्रुणाल ने शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer) की भी हेकड़ी निकाली और उन्हें एक सरप्राइज बाउंसर से आउट किया।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना राजस्थान रॉयल्स की इनिंग के 9वें ओवर में घटी। आरसीबी के लिए ये ओवर क्रुणाल पांड्या करने आए थे जो कि उनके कोटे का दूसरा ही ओवर था। ध्यान दें कि वो एक स्पिन गेंदबाज़ हैं, जिसे देखकर शिमरोन हेटमायर ने बिना हेलमेट के ही बैटिंग करने का फैसला किया। वो वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद मैदान पर आए थे।
इसके बाद होना क्या था, क्रुणाल पांड्या ने शिमरोन हेटमायर को बिना हेलमेट के देखकर उनकी हेकड़ी उतारने का फैसला किया और स्पिन गेंदबाज़ी करते हुए एक खतरनाक बाउंसर डिलीवर की। शिमरोन हेटमायर इसके लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं थे, ऐसे में उन्होंने आखिरी मौके पर एक अपरकट शॉट खेल दिया। ये ही उनकी सबसे बड़ी गलती थी, क्योंकि क्रुणाल ने हेटमायर के ऐसे ही किसी शॉट के लिए शॉर्ट थर्ड मैन पर फील्डर तैनात कर रखा था, जिसने कैच पकड़कर उनकी पारी समाप्त की।