Krunal Pandya And Nicholas Pooran Fight Video: ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की कैप्टेंसी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) की टीम ने बीते गुरुवार, 07 मई को इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के 50वें मुकाबले में 209 रन डिफेंड करके रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) को 9 रनों से हार का स्वाद चखाया। गौरतलब है कि इसी बीच मुकाबले के दौरान एक ऐसी घटना भी घटी जब निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) और क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) आपस में भिड़ते कैमरे में कैद हुए।
दरअसल, ये पूरी घटना लखनऊ सुपर जायंट्स की इनिंग के 10वें ओवर में घटी। यहां क्रुणाल पांड्या अपने कोटे का तीसरा ओवर डालने आए थे जिसकी तीसरी गेंद पर उन्होंने निकोलस पूरन को एक घातक बाउंसर डालकर सरप्राइज किया। ध्यान दें कि वो यहां पर ही नहीं रुके और उन्होंने निकोलस पूरन को अगली ही गेंद पर एक बार फिर बाउंसर मारा।
हालांकि इस बार निकोलस पूरन पहले से तैयार थे और उन्होंने लॉन्ग ऑन की तरफ शॉट खेलकर एक रन ले लिया। यहां पर जब वो नॉन स्ट्राइकर एंड की तरफ पहुंचे तब उनका गुस्सा देखने को मिला और उन्होंने क्रुणाल पांड्या के बेहद करीब जाकर उनसे कुछ कहा। इस दौरान दोनों ही खिलाड़ी आक्रमक दिखे जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।