Moeen Ali Vs Saim Ayub Video: कराची किंग्स (Karachi Kings) के कैप्टन मोईन अली (Moeen Ali) ने बीते शनिवार, 11 अप्रैल को पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) के 20वें मुकाबले में हैदराबाद किंग्समेन (Hyderabad Kingsmen) के गेंदबाज़ों की जमकर कुटाई की और सिर्फ 16 गेंदों पर 44 रनों की तूफानी पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच उन्होंने विपक्षी टीम के स्टार ऑलराउंडर सैम अयूब (Saim Ayub) को तो आईना ही दिखा दिया और उनके एक ओवर में चौके-छक्के की बारिश करके 22 रन ठोके।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना कराची किंग्स की इनिंग के 17वें ओवर में घटी। यहां सैम अयूब हैदराबाद किंग्समेन के लिए अपने कोटे का आखिरी डालने आए थे जिसकी पहली ही गेंद से मोईन अली ने उन्हें टारगेट किया और मिड विकेट की तरफ खड़े-खड़े छक्के मारा।
खास बात ये है कि मोईन यहां पर ही नहीं रुके और उन्होंने सैम की तीसरी, चौथी और पांचवीं बॉल पर भी अटैक करके छक्का, चौका और छक्का जड़ा। इस तरह उन्होंने सैम अयूब के ओवर से कराची किंग्स के लिए पूरे 22 रन लूटे जिसका वीडियो आप नीचे देख सकते हो।