Paul Stirling Catch: आयरलैंड क्रिकेट टीम के कैप्टन पॉल स्टर्लिंग (Paul Stirling) एक भारी भरकम खिलाड़ी हैं, हालांकि इसके बावजूद वो फील्डिंग करते समय चीते जैसी तेजी दिखाते हैं। एक बार फिर ऐसा ही देखने को मिला है। दरअसल, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के 14वें मुकाबले में पॉल स्टर्लिंग ने डाइव करके ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज़ जोश इंगलिस (Josh Inglish) का एक बेहद ही शानदार कैच पकड़ा।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, पॉल स्टर्लिंग का ये कैच ऑस्ट्रेलिया की इनिंग के 7वें ओवर में देखने को मिला। आयरलैंड के लिए ये ओवर बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज़ जॉर्ज डोकरेल करने आए थे जिनकी पांचवीं गेंद पर जोश इंगलिस ने कवर की तरफ शॉट खेलकर गलती की।
गौरतलब है कि यहां जोश अपना शॉट खेलकर कवर के फील्डर के ऊपर से बॉल को बाउंड्री के बाहर भेजना चाहते थे, लेकिन वो गेंद को ठीक से टाइम नहीं कर पाए। इसके बाद होना क्या था, वो बॉल कवर की पॉजिशन पर तैनात आयरिश कैप्टन पॉल स्टर्लिंग की तरफ गया, जहां उन्होंने चीते जैसी तेजी दिखाकर हवा में डाइव लगाई और कमाल का कैच पकड़ लिया।