आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का 24वां मुकाबला बीते गुरुवार, 25 जून को ब्रिस्टल के काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां साउथ अफ्रीका की टीम ने ताज़मिन ब्रित्स (Tazmin Brits) की शतकीय पारी के दम पर नीदरलैंड को 88 रनों से धूल चटाई। गौरतलब है कि इसी बीच ताज़मिन ब्रित्स को किस्मत का भी खूब साथ मिला और नीदरलैंड की गेंदबाज़ सिल्वर सीगर्स (Silver Siegers) ने उन्हें रन आउट करने का सुनहरा मौका गंवा दिया।
दरअसल, ये पूरी घटना साउथ अफ्रीका की पारी के 12वें ओवर में घटी। नीदरलैंड के लिए ये ओवर 26 वर्षीय स्पिन गेंदबाज़ सिल्वर सीगर्स करने आईं थी जिसकी पांचवीं गेंद पर ताज़मिन ब्रित्स ने कट शॉट खेलकर एक रन लेने के लिए से दौड़ लगा दी।
ध्यान दें कि ताज़मिन ब्रित्स के बैट से टकराई ये बॉल सीधा पॉइंट फील्डर की तरफ गई थी जहां नीदरलैंड की एक खिलाड़ी ने तेजी से उसे पकड़कर सीधा नॉन स्ट्राइकर एंड पर फेंका। यहां पर ही सिल्वर सीगर्स के पास बॉल कलेक्ट करके नॉन स्ट्राइकर एंड पर ताज़मिन ब्रित्स को रन आउट करने का सुनहरा मौका था, लेकिन अचानक ही उनका ब्रेन फेड हो गया और उन्होंने बॉल को पकड़कर विकेटकीपर एंड की तरफ फेंक दिया।