Virat Kohli Applauds Sarfaraz Khan Video: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का 11वां मुकाबला बीते रविवार, 05 अप्रैल को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था जहां चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाज़ सरफराज खान (Sarfaraz Khan) ने महज़ 25 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्के ठोककर 50 रनों की तूफानी पारी खेली। गौरतलब है कि उनकी ये धमाकेदार इनिंग देखकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के महान बल्लेबाज़ विराट कोहली (Virat Kohli) भी बेहद प्रभावित हुए और उन्होंने तालियां बजाकर सरफराज की सराहना की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना चेन्नई सुपर किंग्स की इनिंग के 7वें ओवर में घटी। यहां सरफराज एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में क्रुणाल पांड्या की गेंद पर स्टंप हो गए थे जिसके बाद वो निराश होकर पवेलियन लौट रहे थे। इसी बीच विराट कोहली ने सीटी मारकर उनका ध्यान खींचा और फिर ताली बजाकर उनकी सराहना की। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
जान लें कि सरफराज खान दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली को अपना बड़ा भाई और आइडल मानते हैं। वो आईपीएल में आरसीबी के लिए खेलते हुए विराट कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर चुके हैं और उन्होंने टीम इंडिया के लिए खेलते हुए भी विराट के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया है। यही वज़ह है इन दोनों ही खिलाड़ियों के बीच एक बेहद ही अच्छा बॉन्ड हैं। ये भी एक बड़ा कारण हैं कि विराट ने सरफराज को बेहतरीन प्रदर्शन करता देख उनकी सराहना की।