वेस्टइंडीज़ और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज के बाद अब टी-20 सीरीज की बारी है और इस सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने अपनी टीम का ऐलान भी कर दिया है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैच खेले गए, जिनमें से दो तो बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिए गए। वनडे सीरीज़ के बाद 12 जून से दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जानी है।
इस सीरीज़ के नज़दीक आते ही, वेस्टइंडीज़ ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। श्रीलंका के खिलाफ टी-20 टीम की कप्तानी शाई होप करेंगे और टीम में रोस्टन चेज़, शिमरॉन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसेन और कई अन्य स्टार खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। सीरीज़ के लिए चुनी गई टीम से वेस्टइंडीज़ के हेड कोच भी काफी खुश नजर आए।
डैरेन सैमी ने कहा, "ये सीरीज़ हमारे लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत में हुए वर्ल्ड कप के बाद ये हमारी पहली सीरीज़ है, जहां टीम ने जोश, संघर्ष और एकजुटता के साथ खेला, जिस पर वेस्टइंडीज़ क्रिकेट की नींव टिकी है। अब हमारा ध्यान उन्हीं बुनियादों को मज़बूत करने, एक टीम के तौर पर आगे बढ़ने और श्रीलंका के खिलाफ अपने खेल से प्रशंसकों को गौरवान्वित करने पर है।"