ICC Women's T20 World Cup 2026, West Indies Women vs Ireland Women: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस मुकाबले में आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट के इतिहास की अपनी पहली जीत दर्ज की। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए थे। जवाब में ओर्ला प्रेंडरगास्ट के शानदार अर्धशतक की बदौलत आयरलैंड ने 11 गेंदें शेष रहते ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग चरण का 27वां मुकाबला शनिवार (27 जून) को वेस्टइंडीज और आयरलैंड के बीच ब्रिस्टल के काउंटी क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। इस मुकाबले में आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। सलामी बल्लेबाज कियाना जोसेफ सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जबकि शेमाइन कैंपबेल भी 4 रन ही बना सकीं। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान हेली मैथ्यूज भी 25 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हो गईं।