Pakistan T20 World Cup 2026 Semi-Final Scenario: न्यूजीलैंड ने बुधवार (25 फरवरी) को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए सुपर 8 के मुकाबले में 61 रन की जीत के साथ श्रीलंका को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया। इसके अलावा पाकिस्तान की राह को भी थोड़ा मुश्किल कर दिया है। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और सुपर 8 के ग्रुप 2 की आखिरी सेमीफाइनल टीम का फैसला आखिरी दो मैच से होगा।
न्यूजीलैंड द्वारा मिले 169 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंकाई टीम 8 विकेट के नुकसान पर 107 रन ही बना पाई। इस जीत से न्यूजीलैंड का नेट रनरेट +3.050 हो गया है और उसकी सेमीफाइनल की उम्मीद काफी मजबूत हो गई है। वहीं पाकिस्तान का नेट रनरेट -0.461 है।
पाकिस्तान की किस्मत पहले कोलंबो में न्यूजीलैंड औऱ इंग्लैंड के बीच शुक्रवार को होने वाले मुकाबले पर निर्भर करेगी। अगर न्यूजीलैंड इस मैच में इंग्लैंड को हरा देती है तो 5 पॉइंट्स के साथ सेमीफाइनल में क्वालीफाई कर जाएगी और पाकिस्तान बिना आखिरी मैच खेले बाहर हो जाएगी।