अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में मानव सुथार ने अपने डेब्यू मुकाबले को यादगार बना दिया। युवा स्पिनर ने पहली पारी में 6 विकेट लेकर भारतीय टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके साथ ही वह टेस्ट डेब्यू पर यह अवॉर्ड जीतने वाले भारत के चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में 23 साल के युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। राजस्थान के इस खिलाड़ी को रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल को आराम दिए जाने के बाद टीम इंडिया में मौका मिला था और उन्होंने इस अवसर को दोनों हाथों से भुनाया।
मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को जमने का मौका ही नहीं दिया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 22 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर 6 विकेट झटके। उनका यह प्रदर्शन किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा टेस्ट डेब्यू पर हासिल किए गए तीसरे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ों में शामिल हो गया।