मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच से पहले एक बड़ी खुशखबरी मिली है। आखिरकार कई दिनों के इंतज़ार के बाद, विल जैक्स भारत पहुंच गए हैं और वो टीम के साथ अभ्यास भी शुरू कर चुके हैं। इस इंग्लिश ऑलराउंडर को गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ़ होने वाले अहम मुकाबले से पहले, वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के साथी खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग करते देखा गया।
इस दौरान जैक्स के प्रैक्टिस सेशन का वीडियो मुंबई इंडियंस ने भी शेयर किया है जिसमें वो नेट्स में जमकर चौके-छक्के बरसा रहे हैं। वो नेट्स में काफी अच्छे टच में नजर आ रहे हैं और उनका अच्छे टच में दिखना मुंबई के लिए तो अच्छी खबर है लेकिन बाकी टीमों के लिए ये खतरे का संकेत है। जैक्स के प्रैक्टिस सेशन का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
- The One Where Jacks Trains At Wankhede pic.twitter.com/40ul7io4BI
— Mumbai Indians (@mipaltan) April 22, 2026
जैक्स के आने से ना सिर्फ मुंबई का मिडिल-ऑर्डर मजबूत होगा बल्कि उन्हें बीच के ओवरों में एक स्पिन विकल्प भी मिलेगा जिससे उनकी गेंदबाज़ी भी मज़बूत होगी। MI के पास अल्लाह ग़ज़नफ़र और मिचेल सैंटनर जैसे अच्छे विदेशी स्पिनर पहले से मौजूद हैं। इतना ही नहीं, जैक्स मुंबई इंडियंस को ओपनिंग का विकल्प भी देते हैं। अगर पांच बार की चैंपियन टीम क्विंटन डी कॉक के लिए कोई नया ओपनिंग पार्टनर लाना चाहे तो वो जैक्स को इस्तेमाल कर सकते हैं।