श्रीलंका के इंटरनेशनल खिलाड़ी मथीशा पथिराना लगभग दो हफ़्ते पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में शामिल हुए थे, लेकिन उन्हें अभी तक IPL 2026 में खेलने का मौका नहीं मिला है। वो राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ़ मैचों के लिए उपलब्ध थे, लेकिन टीम मैनेजमेंट उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दे पाया ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में वो नजर आएंगे या नहीं।
केकेआर के बॉलिंग कोच टिम साउदी ने इस स्थिति पर बात करते हुए बताया कि टीम मैनेजमेंट माहौल और टीम के रणनीतिक संतुलन, दोनों का आकलन कर रहा है। साउदी ने कहा, "हां, पथिराना आ गए हैं। वो कुछ समय से टीम के साथ ही हैं। इसलिए, हम हालात को देखते हुए ये फ़ैसला करेंगे कि कल के मैच के लिए कौन सी टीम सबसे बेहतर रहेगी। वो ट्रेनिंग में अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं और उन्हें टीम का हिस्सा बनाना बहुत अच्छी बात है।"
इस बीच, हैदराबाद के खिलाफ़ पथिराना के पिछले प्रदर्शन पर नज़र डालें तो उन्होंने तीन मैचों में तीन विकेट लिए हैं और उनका बॉलिंग औसत 22 रहा है। उन्हें टीम में शामिल करने का एक खास कारण SRH के धाकड़ बल्लेबाज़ हेनरिक क्लासेन पर उनका दबदबा है। इस श्रीलंकाई गेंदबाज़ ने IPL में क्लासेन को तीन बार आउट किया है और 14 गेंदों में सिर्फ़ 23 रन ही दिए हैं।