सनराइजर्स हैदराबाद को एक बार फिर से प्लेऑफ तक पहुंचाने वाले कप्तान पैट कमिंस को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। कमिंस शायद इंडियन प्रीमियर लीग 2027 में नहीं खेलेंगे। कमिंस ने इस बात को साफ तौर पर तो नहीं कहा है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए उन्होंने अपनी प्राथमिकता जरूर साफ कर दी है जिससे ये संकेत मिल रहा है कि वो शायद अगले सीजन को मिस कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के आगामी सीज़न में कई टेस्ट मैच, एक वनडे वर्ल्ड कप, 150वीं सालगिरह का टेस्ट और शायद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फ़ाइनल भी शामिल है। ऑस्ट्रेलिया अगस्त 2026 से शुरू होने वाले 11 महीनों में 21 टेस्ट मैच खेलेगा, जो ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बहुत ही मुश्किल दौर होगा। आईपीएल 2026 के बाद कमिंस अब घर लौट आए हैं।
33 साल के कमिंस टेस्ट सीज़न की तैयारी कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत अगस्त में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ घरेलू सीरीज़ से होगी। इसके बाद, ऑस्ट्रेलियाई टीम दिसंबर-जनवरी में न्यूज़ीलैंड की मेज़बानी करेगी, जिसमें तीन मैच खेले जाएंगे। इसके बाद वो बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ के लिए भारत जाएंगे। कमिंस ने 'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' से कहा, "अगले साल किसी न किसी मोड़ पर कुछ तो छोड़ना पड़ेगा और वो टेस्ट मैच या वनडे वर्ल्ड कप तो बिल्कुल नहीं होंगे।"