भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए ट्राई सीरीज मुकाबले के बाद वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलमबेज के बीच हुई झड़प काफी चर्चा में रही। सोशल मीडिया पर यह सवाल उठने लगा कि क्या BCCI युवा बल्लेबाज के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगा। अब इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसने स्थिति काफी हद तक साफ कर दी है।
सोमवार (15 जून) को दांबुला में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए ट्राई सीरीज के मुकाबले के बाद 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अचानक सुर्खियों में आ गए थे। सुपर ओवर के बाद मैदान पर श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलमबेज के साथ उनकी कहासुनी और हल्की धक्का-मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद कई लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि क्या BCCI इस मामले में वैभव के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।
हालांकि अब BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सैकिया ने गुरुवार (18 जून) को मीडिया से बातचीत में कहा कि सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें चल रही हैं कि BCCI कोई कार्रवाई करने की सोच रहा है, लेकिन बोर्ड मैच रेफरी की भूमिका नहीं निभा सकता। उनके मुताबिक मैदान पर जो भी घटना हुई, उस पर फैसला लेने का अधिकार श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और मैच रेफरी का है।