Womens Asia Cup 2026: विमेंस टी20 एशिया कप 2026 में टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज रविवार को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी। भारतीय टीम की निगाहें चौथी बार टी20 विमेंस एशिया कप का खिताब जीतने पर होगी।
भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना पारी का आगाज करती हुई नजर आएंगी। मंधाना और शेफाली के लिए यह साल खासतौर पर टी20 फॉर्मेट में बढ़िया रहा है। हालांकि, जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी में नंबर तीन की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, यह देखना काफी दिलचस्प होगा। जेमिमा के स्थान पर प्रतिका रावल को टीम में जगह दी गई है, लेकिन वह काफी लंबे समय से टी20 फॉर्मेट से दूर रही हैं।
ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। वह बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकती हैं। इसके साथ ही ऋचा घोष से भी टीम को धमाकेदार प्रदर्शन की आस होगी। ऋचा अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं और जेमिमा की गैरमौजूदगी में उन्हें बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भी प्रमोट किया जा सकता है। तेज गेंदबाजी की कमान क्रांति गौड़ और रेणुका ठाकुर संभालेंगी। वहीं, श्री चरणी और राधा यादव अपनी घूमती गेंदों से यूएई की धरती पर बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकती हैं। भारतीय टीम इससे पहले तीन बार विमेंस टी20 एशिया कप के खिताब को अपने नाम कर चुकी है।