Asia Cup: भारत ने थाईलैंड के खिलाफ 94 रन से दमदार जीत दर्ज करते हुए विमेंस एशिया कप 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। 159/9 का स्कोर बनाने के बाद 'विमेन इन ब्लू' ने विपक्षी खेमे को सिर्फ 65 रन पर ढेर कर दिया। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 7 गेंदों में बगैर कोई रन दिए 3 विकेट निकाले। इसी के साथ दीप्ति महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट (171) लेने वाली गेंदबाज बन गईं। इस मामले में उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग (170) को पीछे छोड़ दिया।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम दमदार शुरुआत के बावजूद 9 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने 18 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की। मंधाना 10 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद शेफाली ने प्रतिका रावल के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया था।
भारतीय टीम को 9वें ओवर की अंतिम गेंद पर प्रतिका (22) के रूप में दूसरा झटका लगा, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। 'विमेन इन ब्लू' ने 13वें और 17वें ओवर में दो-दो विकेट गंवाए। इस बीच 'प्लेयर ऑफ द मैच' शेफाली 36 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 64 रन बनाकर पवेलियन लौट चुकी थीं।