हांगकांग-चीन की लेफ्ट-आर्म रिस्ट-स्पिनर कैरी चान को डायरिया की वजह से कुछ समय अस्पताल में बिताने पड़े थे। यह विमेंस एशिया कप 2026 में खेलने के सपने में एक छोटी-सी रुकावट थी, लेकिन अब सब कुछ सही है। टीम शीट पर 'का यिंग चान' के नाम से पहचानी जाने वाली कैरी, इतिहास की उन सात महिला गेंदबाजों में से एक हैं, जिनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 या उससे ज्यादा विकेट दर्ज हैं।
'ग्रुप-ए' में मौजूद हांगकांग-चीन की टीम 28 अक्टूबर को थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 3 सितंबर को उसका सामना भारत से होगा। 7 सितंबर को उसके सामने पाकिस्तान होगा। कैरी इन दिग्गज टीमों के खिलाफ खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
कैरी ने 'सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क' के जरिए 'आईएएनएस' से खास बातचीत में कहा, "यह सब बहुत अजीब और अविश्वसनीय लगता है, क्योंकि हम हमेशा भारत या पाकिस्तान की टीमों को टीवी पर खेलते हुए देखते थे, और हमें कभी उनके खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिला। इसलिए जब हमने (2026 विमेंस प्रीमियर कप के जरिए) क्वालीफाई किया, तो हम सभी काफी उत्साहित थे। इस पर यकीन नहीं हो रहा था। हमें सच में लगा कि यह कोई सपना है। हम सब अब बहुत उत्साहित हैं और इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"