नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है, जिसने रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली क्वींस के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की।
5 में से 4 मैच जीतकर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स (0.581 नेट रन रेट) दूसरे स्थान पर है, जबकि साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स (1.818 नेट रन रेट) ने भी 5 में से 4 ही मैच जीते हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के चलते यह टीम शीर्ष पायदान पर है। सेंट्रल दिल्ली क्वींस और ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 5 में से 1 मैच जीता है। ये दोनों टीमें खिताबी दौड़ से बाहर हैं। हालांकि, सभी चारों टीम 1 सितंबर को अपने अंतिम लीग मैच खेलेंगी, जिसके बाद 2 सितंबर को खेले जाने वाले फाइनल में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स का सामना साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स से होगा।
रविवार को पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने 7 विकेट खोकर 122 रन बनाए। इस टीम ने 4 के स्कोर पर दीक्षा शर्मा (2) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद निधी महतो ने आरुषि गोयल के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने 80 गेंदों में 87 रन की साझेदारी की। निधि 47 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 49 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि आरुषि ने 46 गेंदों में 5 चौकों के साथ 43 रन बनाए। इनके अलावा, मोनिका ने 19 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।