भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर अंडर-19 एशिया कप के खिताब को 9वीं बार अपने नाम किया। चैंपियन टीम का हिस्सा रहे काव्या पटेल ने खिताबी मुकाबले में टीम के दबाव को संभालने के तरीके की जमकर तारीफ की।
काव्या का प्रदर्शन गेंद से शानदार रहा और उन्होंने फाइनल में 68 रन देकर 4 विकेट चटकाए। पाकिस्तान ने बल्लेबाजी के लिए मददगार पिच पर 337/9 का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में भारत ने मैच की आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मोहित उल्वा हीरो बनकर उभरे, जिन्होंने सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए।
काव्या ने 'आईएएनएस' से खास बातचीत में कहा, "भारत की जीत बहुत गर्व की बात है। यह मेरे लिए भी बहुत गर्व का पल है। हां, इतने बड़े मैचों में थोड़ा दबाव तो होता ही है, और हमने इसे बहुत अच्छे से संभाला। पूरे मैच के दौरान हमारे ड्रेसिंग रूम और पूरी टीम को पूरा भरोसा था कि हम यह मैच जीतेंगे और इससे हमें बहुत मदद मिली। मैं 11 वर्षों से क्रिकेट खेल रहा हूं। इस सफर में जिन लोगों ने मेरा साथ दिया, वे सभी इस मुकाम तक पहुंचने में मेरी मदद करने के लिए बधाई के पात्र हैं।"