भारतीय क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) और ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel) ने न्यूजीलैंड दौरे पर एक फैन का दिन यादगार बना दिया। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले गए तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट मुकाबले के दौरान एक भावुक पल देखने को मिला। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से मिलने और उनकी साइन की हुई जर्सी पाने के बाद फैन की आंखों में आंसू आ गए।
यह घटना बर्ट सटक्लिफ ओवल के पवेलियन के पास टीम बस के बाहर हुई। यहां यशस्वी जायसवाल ने फैन से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की और उसे भारतीय टीम की सफेद टेस्ट जर्सी गिफ्ट की। इस दौरान जायसवाल ने फैन को गले भी लगाया। दूसरी तरफ फैन अपने आंसू पोंछता नजर आया और उसने इस खास तोहफे के लिए जायसवाल का आभार जताया।
इसके बाद फैन ने कैमरे के सामने अपनी यादगार जर्सी दिखाई। इस सफेद जर्सी पर 64 नंबर लिखा था और उस पर यशस्वी जायसवाल के साइन थे। फैन ने भारत के लिए अपना उत्साह दिखाते हुए सलामी भी दी। इसके अलावा उसने एक दूसरी सफेद जर्सी भी दिखाई, जिस पर 21 नंबर था। यह जर्सी भारत ए की कप्तानी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की थी। इस तरह दोनों खिलाड़ियों से मिली जर्सी उसके लिए जिंदगी भर याद रहने वाला तोहफा बन गई।