भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार, 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज (IND vs AFG ODI) का आगाज होगा। गौरतलब है कि इस सीरीज के शुरू होने से पहले भारतीय स्क्वाड में एक बड़ा बदलाव हुआ है। दरअसल, मेजबान भारत की वनडे टीम में अचानक से 24 साल के यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) की एंट्री हो गई है।
BCCI ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, "बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी दी है कि चोटिल विराट कोहली की जगह यशस्वी जायसवाल को भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।"
गौर करें कि भारत के महान बल्लेबाज़ विराट कोहली IPL19 के फाइनल के दौरान चोटिल हो गए थे। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 75 रनों की पारी खेली थी, जिसके दौरान ही उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई। इसी कारण अब वो अफगानिस्तान के साथ होने वाली वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे। राहत की खबर ये है कि विराट के जल्द ही ठीक होने की उम्मीद है और वो इंग्लैंड टूर के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।