भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा की ओर से खेलते हुए यह खास मुकाम छुआ। उनसे पहले भारत का कोई भी गेंदबाज टी20 क्रिकेट में इस उपलब्धि तक नहीं पहुंच पाया था।
चहल ने बुधवार (18 नवंबर) को इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के मैच में हरियाणा की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 16 रन देकर तीन विकेट झटके। इसी प्रदर्शन के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 400 विकेट भी पूरे कर लिए। उनसे पहले कोई भी भारतीय गेंदबाज टी20 में इस आंकड़े को पार नहीं कर पाया था।
चहल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस सीजन में 396 टी20 विकेट के साथ उतरे थे। पंजाब के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था और उन्होंने 27 रन खर्च किए थे। इसके बाद सौराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 27 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इस तरह तमिलनाडु के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले उन्हें 400 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी।