Zimbabwe T20I Tri-Series Squad: जिम्बाब्वे ने साउथ अफ्रीका और नामीबिया के खिलाफ खेली जाने वाली आगामी टी20 ट्राई सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा के हाथों में होगी।
यह T20I ट्राई सीरीज 28 अगस्त से 6 सितंबर तक नामीबिया की राजधानी विंडहोक में खेली जाएगी। तीनों टीमों के बीच कुल सात मुकाबले होंगे, जिसमें फाइनल भी शामिल है। जिम्बाब्वे की टीम ने हाल के समय में टी20 क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को पीछे छोड़ते हुए नॉकआउट राउंड में जगह बनाई थी। अब सिकंदर रजा की अगुवाई में टीम इस ट्राई सीरीज में भी अपना दम दिखाना चाहेगी।
जिम्बाब्वे की टीम में अनुभवी स्पिनर ग्रेम क्रेमर की वापसी हुई है। वह बाएं हाथ की उंगली में चोट के कारण बांग्लादेश और भारत के खिलाफ पिछली घरेलू सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके थे। उनके अलावा युवा खिलाड़ी कुंडई मतिगिमु को भी टीम में जगह मिली है।