इमरान खान के नाम क्रिकेट के कई रिकॉर्ड हैं लेकिन स्टैटिस्टिशियन उनके एक नए रिकॉर्ड को नोट करने से चूक गए। बदकिस्मती से जुड़ा उनका नया रिकॉर्ड ये है कि वह 1000 से भी ज़्यादा दिन से जेल में हैं।
इमरान खान की क्रिकेट में कामयाबी और उनकी लोकप्रियता सब जानते हैं। 1971 से 1992 तक 88 टेस्ट और 175 ओडीआई खेले और 1992 में पाकिस्तान की पहला वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के कप्तान थे। कई जानकार उन्हें क्रिकेट के सबसे महान ऑलराउंडर में से एक गिनते हैं और इसमें कोई शक नहीं कि वह पाकिस्तान के टॉप क्रिकेटर तो हैं ही।
आज स्थिति ये है कि उनकी बहन अलीमा खान, उन्हें सपोर्ट करने वालों के साथ, उस जेल के बाहर, हर हफ्ते प्रोटेस्ट करती हैं, जहां पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पीएम बंद हैं। वह लगातार, अलग-अलग कोर्ट में, एक के बाद एक पिटीशन फाइल कर रही हैं, जिसमें उनकी गैर-कानूनी कैद और जेल में उन्हें यातना देने का जिक्र है। साथ ही साथ वे उनके और सपोर्टर से अपील भी करती हैं कि जेल के बाहर की इन प्रोटेस्ट में और बड़ी तादाद में शामिल हों ताकि सरकार पर ज़्यादा दबाव पड़े, 'आइए और इस बात पर जोर दें कि इमरान खान का किसी सही हॉस्पिटल में इलाज हो।'