New Zealand Tour of England 2026:इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में खेली तीन टेस्ट की सीरीज के दौरान कई नए रिकॉर्ड बने। इनमें सबसे शानदार रिकॉर्ड टॉम लाथम (151: 17वां टेस्ट 100 जिससे मार्टिन क्रो के बराबर आ गए) और डेवोन कॉन्वे (157: 8 वां टेस्ट 100) के बीच ट्रेंट ब्रिज में तीसरे टेस्ट में 317 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप है। उन्होंने लगभग 72 ओवर बल्लेबाजी की और टीम के पहली पारी के कुल स्कोर में 72.4 प्रतिशत रन का योगदान दिया- लंच तक 108-0, चाय तक 213-0 और उसके बाद 317 रन पर उनकी पार्टनरशिप टूटी।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे अच्छी ओपनिंग जोड़ी में से एक, लाथम और कॉन्वे अब पहले विकेट के लिए 6 बार 100+ रन की पार्टनरशिप (न्यूज़ीलैंड रिकॉर्ड) कर चुके हैं और जॉन राइट-ट्रेवर फ्रैंकलिन (5) की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया है। ये साथ में न्यूज़ीलैंड की अकेली ऐसी जोड़ी हैं जिन्होंने टेस्ट में पार्टनरशिप में 2000 से ज़्यादा रन जोड़े हैं। इस बार, दोनों ने खुद 150+ का स्कोर बनाया और इंग्लैंड में ऐसा करने वाली दूसरी ओपनिंग जोड़ी हैं (पहली: 2003 में बर्मिंघम में ग्रीम स्मिथ 277 और हर्शल गिब्स 179)। लाथम ने टेस्ट में अपना सातवां (सभी ओपनर के तौर पर), जबकि कॉन्वे ने अपना चौथा 150+ का स्कोर बनाया।
इंग्लैंड की टीम में बेन स्टोक्स की वापसी का स्वागत मेहमान टीम ने गर्मी भरे पहले दिन 361-4 का स्कोर बनाकर किया जिसमें 317 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप के साथ कई नए और हैरान करने वाले रिकॉर्ड बने:
* इंग्लैंड में न्यूजीलैंड के लिए पहले विकेट की पार्टनरशिप में नया रिकॉर्ड (पिछला: 185, जॉन राइट और ट्रेवर फ्रैंकलिन, 1990 में लॉर्ड्स में)।
* मेहमान टीम की तरफ से इंग्लैंड में 300+ रन की ओपनिंग पार्टनरशिप का जब पिछली बार रिकॉर्ड बना था (दक्षिण अफ्रीका: ग्रीम स्मिथ और हर्शल गिब्स 338, 2003 में एजबेस्टन में) तो इंग्लैंड के कप्तान नासेर हुसैन की कप्तानी ख़त्म कर गया और इस बार, कप्तान बेन स्टोक्स टेस्ट के दौरान ही रिटायर हो गए।
इनके अतिरिक्त इंग्लैंड में टेस्ट में मेहमान टीम की तरफ से 300 रन की पार्टनरशिप सिर्फ 1989 में नॉटिंघम में ऑस्ट्रेलिया के लिए जेफ मार्श और मार्क टेलर की 329 रन की थी।
* इंग्लैंड के विरुद्ध न्यूजीलैंड के लिए किसी भी विकेट की पार्टनरशिप का भी नया रिकॉर्ड बना (पिछला रिकॉर्ड: 1930 में वेलिंगटन में पहले विकेट के लिए टीवी डम्पस्टर और जैकी मिल्स के बीच 276 रन)।
* टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिए ये तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है:
- 387: 1972 में जॉर्जटाउन में वेस्टइंडीज के विरुद्ध टेरी जार्विस और ग्लेन टर्नर।
- 323: 2025 में माउंट माउंगानुई में वेस्टइंडीज के विरुद्ध टॉम लाथम और डेवोन कॉन्वे।
* हाल के सालों में इंग्लैंड के विरुद्ध 300+ की पार्टनरशिप आसानी से नहीं बनी हैं:
- 2017 के बाद से किसी भी विकेट के लिए ये पहली है (तब: स्टीवन स्मिथ और मिशेल मार्श ने डब्ल्यूएसीए में पांचवें विकेट के लिए 301 रन जोड़े थे)।
- 2012 के बाद से किसी भी विकेट के लिए ऐसा रिकॉर्ड बनाने वाली पहली मेहमान जोड़ी (तब: हाशिम अमला और जैक्स कैलिस ने द ओवल में तीसरे विकेट के लिए 377* रन जोड़े थे)।
वैसे न्यूजीलैंड ने इस रिकॉर्ड ओपनिंग पार्टनरशिप का पूरा फायदा नहीं उठाया और 438 रन पर आउट हो गए और ये 300 से ज़्यादा रन की ओपनिंग पार्टनरशिप के बावजूद बने सबसे कम स्कोर में से एक है:
- इंग्लैंड के 608 रन में 359 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप थी (लेन हटन और सिरिल वॉश ब्रुक, विरुद्ध दक्षिण अफ्रीका, 1948)।
- इंग्लैंड के 589 रन में 323 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप थी (जेबी हॉब्स और विल्फ्रेड रोड्स विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया, 1912)।
एक और हैरानी की बात ये रही न्यूजीलैंड के लिए दूसरी पारी में ओपनिंग पार्टनरशिप में सिर्फ 4 रन बने जिसका मतलब ये निकला कि दोनों पारी की ओपनिंग पार्टनरशिप के बीच 313 रन का अंतर था। टेस्ट क्रिकेट में एक टीम की ओपनिंग पार्टनरशिप के बीच इससे भी ज्यादा अंतर सिर्फ़ एक बार देखने में आया है (1965 में ब्रिजटाउन में, ऑस्ट्रेलिया के बिल लॉरी और बॉब सिम्पसन की पार्टनरशिप 382 और 7 रन की थी यानि कि 375 रन का अंतर)।