गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के 24 घंटे बाद मुंबई इंडियंस के लिए एक और खुशखबरी सामने आई है। आखिरकार कई दिनों के इंतज़ार के बाद, विल जैक्स भारत पहुंच गए हैं और वो टीम के साथ अभ्यास भी शुरू कर चुके हैं। इस इंग्लिश ऑलराउंडर को गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ़ होने वाले अहम मुकाबले से पहले, वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के साथी खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग करते देखा गया।
मौजूदा सीजन में जब ऐसा लगने लगा है कि मुंबई ने गति पकड़ ली है तभी उन्हें जैक्स के रूप में एक बड़ा बूस्ट मिला है। जैक्स के आने से ना सिर्फ मुंबई का मिडिल-ऑर्डर मजबूत होगा बल्कि उन्हें बीच के ओवरों में एक स्पिन विकल्प भी मिलेगा जिससे उनकी गेंदबाज़ी भी मज़बूत होगी। MI के पास अल्लाह ग़ज़नफ़र और मिचेल सैंटनर जैसे अच्छे विदेशी स्पिनर पहले से मौजूद हैं।
इतना ही नहीं, जैक्स मुंबई इंडियंस को ओपनिंग का विकल्प भी देते हैं। अगर पांच बार की चैंपियन टीम क्विंटन डी कॉक के लिए कोई नया ओपनिंग पार्टनर लाना चाहे तो वो जैक्स को इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने पहले भी एक बार MI के लिए ओपनिंग की है, हालांकि हाल के दिनों में वो इंग्लैंड के लिए नंबर 6 और 7 पर बल्लेबाज़ी करते रहे हैं। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई इंडियंस का खेमा उनका इस्तेमाल कैसे करता है।