ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) ने माना कि जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स 2026 के आयोजन के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, परिषद का कहना है कि इन मुश्किलों के बावजूद खिलाड़ियों को ऐसी सुविधाएं और माहौल उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अच्छे से प्रतियोगिता कर सकें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे सकें।
ओसीए ने रविवार को कहा कि खेलों के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित पक्षों ने मिलकर काम किया। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि एथलीटों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बेहतरीन प्रदर्शन करने का पूरा अवसर मिला। एशियन गेम्स 2026 के लिए ओसीए समन्वय समिति के अध्यक्ष मोहम्मद तैयब इकराम ने कहा कि ओसीए ने खेलों के संचालन के कुछ पहलुओं के बारे में चिंताओं और शिकायतों को सुना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि उन चुनौतियों का समाधान कैसे किया गया और क्या एथलीटों को लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं के मामले में सर्वोत्तम संभव परिस्थितियां मिलीं।
'सिन्हुआ' के अनुसार, खेलों के अंतिम दिन एक संवाददाता सम्मेलन में तैयब इकराम ने कहा, "चुनौतियों के बिना कोई खेल नहीं होता। हमने चुनौतियों का जिस तरह से सामना किया, उसे उजागर करना अधिक महत्वपूर्ण होना चाहिए।" इकराम ने कहा कि उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सहायता देना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा, "इन खेलों का आयोजन पहले से अलग था। यह एक नया मॉडल था।" उन्होंने खास तौर पर इस बात का जिक्र किया कि इस बार पारंपरिक एथलीट विलेज नहीं बनाया गया।