जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा में बीएसएफ ने किया वुलर अल्ट्रा रन का आयोजन, प्रतिभागियों ने की सराहना (जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा में बीएसएफ ने किया वुलर अल्ट्रा रन का आयोजन, प्रतिभागियों ने की सराहना)
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने रविवार को 'रन विद बॉर्डरमेन' थीम के तहत 'वुलर अल्ट्रा रन' मैराथन का आयोजन किया। बीएसएफ हेडक्वार्टर के हेलीपैड से सीमा सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर जनरल संदीप रावत ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई।
बीएसएफ की ओर से आयोजित 50 किलोमीटर की इस अल्ट्रा रन की शुरुआत सुबह 5 बजे हुई, जिसमें हिस्सा लेने वालों में बहुत उत्साह देखा गया। इसमें जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम का मकसद फिटनेस, सामुदायिक भागीदारी और वुलर झील के संरक्षण के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना था। इस कार्यक्रम में धावकों, युवाओं, बीएसएफ जवानों और स्थानीय समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया और यह दौड़ बांदीपोरा के वुलर विंटेज पार्क में समाप्त हुई।