वर्ल्ड नंबर 3 कार्लोस अल्काराज ने सोमवार को 'जापान ओपन 2026' के सेमीफाइनल में हमवतन खिलाड़ी जाउमे मुनार को 5-7, 6-3, 6-1 से मात दी। अल्काराज अपनी सर्विस गंवाने के कारण पहला सेट हार गए थे। उन्होंने कुछ 'ब्रेक' के साथ वापसी करते हुए दूसरा सेट 6-3 से जीता और फिर फाइनल सेट में शानदार खेल दिखाते हुए 6-1 से जीत दर्ज की। इसी के साथ अल्काराज लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंच गए।
टोक्यो के एरियाके कोलिजीयम में जीत के बाद टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए अल्काराज ने कहा, "मुझे नहीं पता कि पहले सेट में क्या हुआ? सच कहूं तो आमतौर पर पहले सेट में ऐसा ही होता है। मैंने मैच की अच्छी शुरुआत की थी, ब्रेक किया और सेट के लिए सर्विस भी की। पता नहीं क्या हुआ। ऐसा लगता है कि हर पहले सेट में मुझे संघर्ष करना पड़ता है। लेकिन जिस तरह से मैं हर बार वापसी करता हूं, मैं उससे वाकई बहुत खुश हूं।"
पूरे टूर्नामेंट में अल्काराज को पहले सेट में काफी संघर्ष करना पड़ा है। उन्हें क्वार्टर फाइनल में डेनिस शापोवालोव, राउंड ऑफ 16 में माटेओ अर्नल्डी और राउंड ऑफ 32 में एलेक्स मिशेलसेन के खिलाफ टाई-ब्रेक की जरूरत पड़ी थी।