रमेशबाबू प्रज्ञानानंद प्रतिष्ठित नॉर्वे चेस का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय ग्रैंडमास्टर बने हैं। वर्ल्ड नंबर 1 मैग्नस कार्लसन के खिलाफ अपने मुकाबलों पर बात करते हुए, 20 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि नॉर्वे के इस महान खिलाड़ी के साथ हर मुकाबले ने एक खिलाड़ी के तौर पर उनके विकास में मदद की है।
छह राउंड के बाद स्टैंडिंग में सबसे नीचे रहने के बावजूद, चेन्नई के 20 वर्षीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार गेम जीते और खिताब की दौड़ में जगह बनाई। उनके इस सफर में कार्लसन के खिलाफ दो जीत और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन गुकेश डोम्माराजू के खिलाफ एक अहम जीत शामिल थी।
20 वर्षीय प्रज्ञानानंद ने आखिरी राउंड में जर्मनी के विंसेंट कीमर को मात देकर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने 18 प्वाइंट्स हासिल किए और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो से आगे रहे।'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत में, प्रज्ञानानंद ने नॉर्वे में अपनी शानदार वापसी, दबाव को संभालने, गलतियों से सीखने और अपने करियर की सबसे बड़ी जीतों में से एक से मिले आत्मविश्वास के बारे में बात की।