स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने संकेत दिया है कि उनका शानदार फुटबॉल करियर मौजूदा सत्र के बाद समाप्त हो सकता है। रोनाल्डो ने स्वीकारा है कि यह 'संभवतः खेल में उनका आखिरी साल' है।
41 वर्षीय खिलाड़ी का सऊदी प्रो लीग के क्लब 'अल-नस्र' के साथ जून 2027 तक का करार है। पुर्तगाल के इस महानतम खिलाड़ी ने पहले ही कहा था कि वह रिटायरमेंट के करीब हैं, लेकिन अपने फुटबॉल करियर के लिए कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई है। हालांकि, रविवार को 'वोग' के साथ एक इंटरव्यू में रोनाल्डो ने कहा कि वह शायद अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर पहुंच रहे हैं। रोनाल्डो ने 'वोग' को दिए इंटरव्यू में कहा, "यह शायद फुटबॉल में मेरा आखिरी साल है। मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं।"
पिछले साल नवंबर में, पांच बार 'बैलोन डी'ओर' जीतने वाले रोनाल्डो ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि वह 'एक या दो साल' और खेलेंगे। महानतम फुटबॉलर ने इस बात पर जोर दिया था कि साल 2026 में वह अपना आखिरी फीफा वर्ल्ड कप खेलेंगे। पिछले महीने स्पेन के खिलाफ 'राउंड ऑफ 16' में हार ने पुर्तगाल का सफर समाप्त कर दिया था।