चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कोको गॉफ ने सिनसिनाटी ओपन के तीसरे राउंड में अपनी जगह बना ली है। उन्होंने एक सेट हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए ल्यूडमिला सैमसनोवा को 2-6, 6-4, 6-1 से हराया।
यह इस सीजन में उनकी 10वीं ऐसी जीत थी जिसमें उन्होंने एक सेट हारने के बाद वापसी करते हुए तीन सेटों में जीत हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने 2026 में टूर पर ऐसी सबसे ज्यादा जीत के मामले में अपनी ही देश की खिलाड़ी जेसिका पेगुला की बराबरी कर ली। सैमसनोवा के पहला सेट 6-2 से जीतने के बाद गॉफ ने दूसरे सेट के 10वें गेम में एक अहम ब्रेक हासिल किया और मैच को निर्णायक सेट तक ले गईं। डब्ल्यूटीए की रिपोर्ट के अनुसार, 2023 की चैंपियन ने तीसरे सेट में दबदबा बनाए रखा और आखिरी पांच गेम जीतकर 2 घंटे 6 मिनट तक चले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की।
यह जीत 2026 में हार्ड कोर्ट पर गॉफ की 20वीं जीत है। वह इस साल का अपना पहला डब्ल्यूटीए खिताब जीतने की कोशिश में जुटी हुई हैं। हार्ड कोर्ट पर उनका अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन मियामी ओपन में रहा है, जहां वह उपविजेता रही थीं। अगले राउंड (राउंड ऑफ 16) में जगह बनाने के लिए गॉफ का मुकाबला 28वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी एन ली से होगा। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में गॉफ 3-0 से आगे हैं और उन्होंने पिछली तीनों भिड़ंत में एन ली के खिलाफ सीधे सेटों में जीत दर्ज की है।