भारतीय महिला हॉकी टीम की जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मानस कुमार साहू ने शनिवार को ओडिशा के पुरी स्थित अपने स्टूडियो में एक अनूठी कलाकृति बनाई। उन्होंने शानदार उपलब्धि से भारत का मान बढ़ाने के लिए टीम को बधाई दी।
मानस कुमार साहू ने अपने स्टूडियो में भारतीय महिला हॉकी टीम की गोल्ड मेडल जीत का जश्न मनाने के लिए एक खास कलाकृति बनाई है, जिसे पूरा करने में उन्हें 44 मिनट लगे। 'बधाई हो, चैंपियंस!' और 'इंडियन हॉकी की क्वीन्स को सलाम!' जैसे नारों के जरिए, उन्होंने टीम को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए मानस कुमार साहू ने कहा, "यह बहुत ही खुशी का माहौल है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल के बाद स्वर्ण पदक जीता है। हम सभी लोग महिला खिलाड़ियों को ढेर सारी शुभकामनाएं और बधाई देते हैं। इस अवसर पर मैंने पुरी में एक सैंड एनिमेशन बनाया है। इसको बनाने में हमें भी 44 मिनट लगे हैं।"