भारतीय हॉकी टीम ने शनिवार को गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए 'एशियन गेम्स 2026' के गोल्ड मेडल मुकाबले में मलेशिया को 5-1 से रौंदा। हेड कोच क्रेग फुल्टन ने भारतीय टीम पर गर्व जताते हुए कहा कि टीम ने 2026 के लिए अपना मुख्य लक्ष्य हासिल कर लिया है।
इस जीत के साथ भारत ने ओलंपिक गेम्स 2028 के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल कर लिया। भारत की शानदार जीत के बाद फुल्टन ने 'आईएएनएस' से कहा, "हमारा मकसद यहां आकर अपना टाइटल बचाना था और हमने ऐसा किया। हमने शानदार हॉकी खेलते हुए कई गोल किए। हम एक अच्छी टीम हैं। हम अपने गेम प्लान पर टिके रहते हैं और पूरी तरह समर्पित रहते हैं। यह बात भी अहम थी कि हम लंबे समय से घर से दूर रहे हैं और हमारे परिवार... आप किसके लिए खेल रहे हैं? जाहिर है, अपने करीबी और प्रिय लोगों के लिए, और साथ ही पूरा भारत हमें देख रहा है और चाहता है कि हम भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतें।"
फुल्टन मानते हैं कि फाइनल में भारत का खेलने का तरीका पाकिस्तान के विरुद्ध हुए तनावपूर्ण सेमीफाइनल से काफी अलग था। उस सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने तीन गोल की बढ़त गंवा दी थी, लेकिन अभिषेक के आखिरी समय में किए गए गोल से 4-3 से जीत मिली थी।