भारत की महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में एक ऐतिहासिक उलटफेर करते हुए फाइनल में साउथ कोरिया को 5-3 से हराया और इस इवेंट में कोरियाई टीम के 44 साल के दबदबे को खत्म किया।
शुक्रवार को गोल्ड मेडल जीतने वाली तिकड़ी में अंकिता भकत और कुमकुम मोहोद के साथ शामिल कीर्ति शर्मा ने कहा कि भारतीय तीरंदाजों ने इस हाई-प्रेशर फाइनल में अपनी प्रक्रिया और मानसिक शांति पर भरोसा किया। कीर्ति शर्मा ने जापान में 'साई मीडिया' से कहा, "हम अपने प्रतिद्वंद्वियों के बारे में नहीं सोच रहे थे। हम बस अपने प्रदर्शन और ट्रेनिंग के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया का पालन करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे।" इससे पहले भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में चीन को 5-1 से हराकर एक और शानदार जीत दर्ज की थी और दक्षिण कोरिया के खिलाफ़ फाइनल में जगह बनाई थी।
कीर्ति ने कहा कि भावनाओं पर काबू रखना और एक-दूसरे पर भरोसा बनाए रखना बहुत जरूरी था, क्योंकि भारत एशियन गेम्स के इस इवेंट पर साउथ कोरिया के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा, "हम तीनों को अपनी भावनाओं पर काबू रखना था और एक-दूसरे पर भरोसा करना था। हमने नतीजों के बारे में नहीं सोचा और बस अपना 100 प्रतिशत दिया।"