व्हाइट हाउस की फीफा वर्ल्ड कप टास्क फोर्स के प्रमुख एंड्रयू गिउलियानी ने सोमाली रेफरी और ईरानी फुटबॉल टीम के कुछ सहयोगी स्टाफ को वीजा देने से इनकार किए जाने के फैसले का बचाव किया है।
सोमाली रेफरी उमर अब्दुलकादिर अर्टन को फीफा वर्ल्ड कप में मैच का संचालन करना था, लेकिन उन्हें मंगलवार को अमेरिका में प्रवेश से रोक दिया गया। अर्टन उन 52 रेफरी में शामिल थे जिन्हें फीफा ने कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका में होने वाले वर्ल्ड कप फाइनल के लिए चुना था। यह टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई तक चलेगा।
टास्क फोर्स के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एंड्रयू गिउलियानी ने कहा, "एक रेफरी को प्रवेश नहीं दिया गया है, हालांकि मैं विस्तार से नहीं बता सकता, लेकिन मैं आपको मोटे तौर पर यह बता सकता हूं कि ऐसा बहुत ठोस कारण से किया गया। मैं उस फैसले का समर्थन करता हूं। मैंने रविवार को होमलैंड सिक्योरिटी के सेक्रेटरी और सीबीपी के कमिश्नर से सीधे बात की थी। दिनों का पता नहीं चल रहा है। बहुत ठोस कारण से ही इस रेफरी को देश में आने नहीं दिया गया।"