135वें डूरंड कप के पहले क्वार्टर-फाइनल में 'एससी दिल्ली' ने 'एफसी रैंगडाई' के खिलाफ 5-1 से जीत दर्ज की। इसी के साथ एससी दिल्ली ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि रैंगडाई का शानदार डेब्यू कैंपेन क्वार्टर-फाइनल स्टेज पर ही खत्म हो गया।
रविवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के पहले हाफ में चोंगथम किशन सिंह के शानदार लॉन्ग-रेंज शॉट से रैंगडाई बढ़त बना चुकी थी, लेकिन दूसरे हाफ में सब्स्टिट्यूट जोसेफ सनी के दो गोल ने खेल का रुख बदल दिया। इसके बाद रोड्रिगुइन्हो, जुआन सेबेस्टियन पेना और ऑगस्टीन लालरोचाना ने गोल दागा।
एफसी रैंगडाई ने मैच शुरू होते ही अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे; वे बॉल पर कंट्रोल बनाए हुए थे, धैर्यपूर्वक बॉल को आगे बढ़ा रहे थे और हाई-प्रेसिंग गेम खेल रहे थे। मुकाबले के 9वें मिनट में एफसी रैंगडाई ने शानदार तरीके से बढ़त बना ली। चोंगथम किशन सिंह ने लगभग 20 मीटर की दूरी से एक जबरदस्त शॉट लगाया; बॉल नीचे की ओर मुड़ी, क्रॉसबार के अंदरूनी हिस्से से टकराई और नेट में चली गई। एससी दिल्ली के गोलकीपर नोरा फर्नांडीस के पास इसे रोकने का कोई मौका नहीं था।