Thipatcha Putthawong Record: थाईलैंड महिला क्रिकेट टीम (Thailand Women's Cricket Team) की 22 साल की गेंदबाज़ थिपाचा पुत्थावोंग (Thipatcha Putthawong) ने बुधवार, 10 जून को एशियन क्रिकेट काउंसिल वुमेंस प्रीमियर कप (Asian Cricket Council Women's Premier Cup) के क्वार्टन फाइनल-1 में धमाकेदार गेंदबाज़ी की और नेपाल के खिलाफ अपने कोटे के चार ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट चटकाए। गौरतलब है कि इसी के साथ छोटी उम्र की थिपाचा ने इतिहास रचकर एक बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, थाईलैंड की ये युवा खिलाड़ी अब महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत की महान गेंदबाज़ दीप्ति शर्मा के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज़ बन गई है। उन्होंने थाइलैंड के लिए 103 टी20 में 161 विकेट लेकर ये कारनामा किया है। ध्यान दें कि दीप्ति शर्मा ने भी इतने ही विकेट 144 टी20 इंटरनेशनल में चटकाए हैं।
वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक विकेट लेने वालीं खिलाड़ी
- थिपाचा पुत्थावोंग (थाईलैंड) - 103 मैचों की 100 पारियों में 161 विकेट
- दीप्ति शर्मा (भारत) - 144 मैचों की 141 पारियों में 161 विकेट
- हेनरिएट इशिम्वे (रवांडा) - 128 मैचों की 122 पारियों में 155 विकेट
- मेगन शट (ऑस्ट्रेलिया) - 125 मैचों की 124 पारियों में 152 विकेट
- कारी चान (हांगकांग) - 105 मैचों की 104 पारियों में 145 विकेट
बताते चलें थिपाचा ने साल 2019 में अपना टी20 डेब्यू किया था। इस फॉर्मेट में उन्होंने अब तक 100 इनिंग में गेंदबाज़ी करके सिर्फ 3.99 की इकोनॉमी से रन खर्चे हैं। खास बात तो ये है वो 8.91 की औसत से विकेट ले रही हैं, जो कि बेहद ही शानदार है। इस फॉर्मेट में उनका बेस्ट परफॉर्मेंस 5/3 है। उन्होंने T20I में छह बार 4 विकेट हॉल और तीन बार 5 विकेट हॉल हासिल किए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें थाईलैंड और नेपाल के मुकाबले के नतीजे की तो इसमें थाईलैंड की टीम ने 130 रन डिफेंड करके 56 रनों से जीत हासिल की।